News
Sports News: दिल्ली में छत्तीसगढ़ का जलवा: चारों बेसबॉल टीमें सेमीफाइनल में, गोल्ड की उम्मीदें बढ़ीं
कोचिंग कैंप का मिला फायदा राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले 11 से 13 अप्रैल तक बिलासपुर के छत्तीसगढ़ स्कूल मैदान में तीन दिवसीय विशेष कोचिंग कैंप आयोजित किया गया था। इस दौरान खिलाड़ियों को शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक रूप से भी मजबूत बनाया गया, जिसका असर अब मैदान में साफ दिख रहा है।

BILASPUR NEWS. राजधानी दिल्ली में 16 से 22 अप्रैल तक आयोजित 69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की बेसबॉल टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चारों वर्गों में सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग के बालक एवं बालिका—सभी टीमों ने अपने-अपने पूल में एक भी मैच गंवाए बिना टॉप करते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया और वहां भी दमदार जीत दर्ज की।
क्वार्टर फाइनल में एकतरफा जीत अंडर-14 बालक टीम ने गुजरात को 10-0 से हराया। इस मुकाबले में अभितेज, सूरज, हर्ष, संस्कार, दीपक और प्रियांशु ने शानदार रन बनाए। वहीं अंडर-17 बालक टीम ने मध्य प्रदेश को 6-3 से मात दी, जिसमें योगेश, देवेंद्र, सागर, यश और प्रमोद का अहम योगदान रहा।
बालिका वर्ग में भी छत्तीसगढ़ की टीमों का दबदबा कायम रहा। अंडर-17 बालिका टीम ने पंजाब को 10-0 से हराया, जहां साक्षी, रागिनी, सानिया और कामिनी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। अंडर-14 बालिका टीम ने जम्मू-कश्मीर को 11-0 से शिकस्त दी, जिसमें सोनाली, सपना, नगीना और कीर्ति ने रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
सेमीफाइनल में कड़े मुकाबले अब सेमीफाइनल में अंडर-14 बालक और बालिका टीम का मुकाबला चंडीगढ़ से होगा, जबकि अंडर-17 बालक और बालिका टीम महाराष्ट्र से भिड़ेंगी। सभी की नजरें अब फाइनल और स्वर्ण पदक पर टिकी हैं।
कोचिंग कैंप का मिला फायदा राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले 11 से 13 अप्रैल तक बिलासपुर के छत्तीसगढ़ स्कूल मैदान में तीन दिवसीय विशेष कोचिंग कैंप आयोजित किया गया था। इस दौरान खिलाड़ियों को शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक रूप से भी मजबूत बनाया गया, जिसका असर अब मैदान में साफ दिख रहा है।
अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं टीम के शानदार प्रदर्शन पर कोच और मैनेजमेंट स्टाफ—अख्तर खान, दिनेश वर्गीस, चेतना देवलिया, संदीप गाहिरे, नेहा यादव, अंजलि खलको, आकृति श्रीवास्तव और ऋतु पटेल—ने खिलाड़ियों की सराहना की। वहीं प्रदेश बेसबॉल संघ की अध्यक्ष डॉ. पलक जायसवाल, महासचिव मिताली घोष सहित खेल अधिकारियों और व्यायाम शिक्षकों ने टीम को आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
अब उम्मीदें गोल्ड पर लगातार जीत से उत्साहित छत्तीसगढ़ की टीमों से अब स्वर्ण पदक की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं। सेमीफाइनल में जीत के साथ प्रदेश के खिलाड़ी इतिहास रचने के करीब पहुंच गए हैं।



