भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी मुख्यमंत्री गौरव पथ योजना: महीने भर में ही उखड़ी 36 लाख की सीसी रोड, बिलासपुर के नेवरा का मामला
प्रदेश में सरकारी योजनाओं के तहत होने वाले निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी और भ्रष्टाचार के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत नेवरा (बिलासपुर-कोटा रोड) से सामने आया है।

ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर कलेक्टर से की शिकायत, दोषी अफसरों और ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग
BILASPUR NEWS. प्रदेश में सरकारी योजनाओं के तहत होने वाले निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी और भ्रष्टाचार के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत नेवरा (बिलासपुर-कोटा रोड) से सामने आया है। यहाँ मुख्यमंत्री गौरव पथ योजना के तहत करीब 36 लाख रुपए की भारी-भरकम लागत से बनाई गई 450 मीटर सीसी रोड महज एक महीने के भीतर ही उखड़ने लगी है। सड़क की बदहाल स्थिति से नाराज ग्रामीणों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है और कलेक्टर से मामले की लिखित शिकायत कर दोषी अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सीमेंट गायब, रेत की परतें आईं बाहर
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले चार-पांच महीनों से इस सड़क का निर्माण कार्य चल रहा था, जो इसी साल मार्च महीने में पूरा हुआ। लेकिन ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों की साठगांठ के कारण निर्माण में बेहद घटिया और स्तरहीन सामग्री का इस्तेमाल किया गया। आलम यह है कि सड़क पर वाहन चलते ही गिट्टियां बाहर निकल रही हैं। सड़क से सीमेंट पूरी तरह गायब हो चुका है और सिर्फ रेत की परतें दिखाई दे रही हैं, जिससे पूरी सड़क जर्जर हो चुकी है।
नाली निर्माण भी नहीं, बारिश में और बिगड़ेगे हालात
स्थानीय निवासी बिहारी सिंह तोडर सहित अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण के दौरान नियमों को ताक पर रखकर काम किया गया। सीसी रोड बनाने से पहले जो मजबूत बेस तैयार किया जाना चाहिए था, वह नहीं किया गया। इसके साथ ही सड़क किनारे नालियों का निर्माण भी नहीं कराया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि अभी गर्मी के मौसम में ही जब सड़क का यह हाल है, तो आगामी बारिश के दिनों में पानी भराव के कारण सड़क पूरी तरह नष्ट हो जाएगी और राहगीरों का चलना दूभर हो जाएगा।
मस्तूरी के अमगांव में भी 1.40 करोड़ की सड़क का यही हाल
बिलासपुर जिले में घटिया सड़क निर्माण का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले मस्तूरी ब्लॉक के अमगांव में भी 1 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से बनी एक किलोमीटर लंबी डामर सड़क कुछ ही दिनों में उखड़ने लगी थी। वहाँ स्थिति इतनी बदतर थी कि सड़क की डामर की परत हाथ से ही उखड़ रही थी। उस मामले में भी ग्रामीणों ने निर्माण में मुरुम की जगह मिट्टी इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल से शिकायत की थी।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें:
बदहाल हो चुकी गौरव पथ सड़क का नए सिरे से गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए।
शासकीय राशि का दुरुपयोग करने वाले ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट किया जाए।
निर्माण कार्य की अनदेखी करने वाले तकनीकी अधिकारियों व सब-इंजीनियर पर दंडात्मक कार्रवाई हो।








