पारिवारिक कलह बनी मौत की वजह: छुट्टी पर घर आए CRPF जवान ने आम के पेड़ पर लगाई फांसी जानिए पूरा मामला
बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुंदीकला में पारिवारिक विवाद से परेशान एक सीआरपीएफ जवान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जम्मू-कश्मीर में पदस्थ 35 वर्षीय जवान राजाराम प्रजापति छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे।

RAJPUR NEWS.बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुंदीकला में पारिवारिक विवाद से परेशान एक सीआरपीएफ जवान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जम्मू-कश्मीर में पदस्थ 35 वर्षीय जवान राजाराम प्रजापति छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे। बताया जा रहा है कि पत्नी के साथ लंबे समय से चल रहे विवाद और मानसिक तनाव के कारण उन्होंने यह कदम उठाया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को राजाराम और उनकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी। विवाद के बाद राजाराम घर से रस्सी लेकर निकले और घर के बाहर स्थित आम के पेड़ पर फंदा लगाकर झूल गए। घटना को देख उनकी मां ने शोर मचाया, जिसके बाद भाई शिवकुमार प्रजापति सहित ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें नीचे उतारा।
परिजन तत्काल उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
2021 में हुई थी CRPF में भर्ती
मृतक राजाराम प्रजापति वर्ष 2021 में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में भर्ती हुए थे और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में तैनात थे। कुछ दिन पहले ही वे अवकाश लेकर अपने पैतृक गांव कुंदीकला पहुंचे थे।
पहले भी कर चुके थे आत्महत्या का प्रयास
परिजनों के मुताबिक, दिसंबर 2025 में भी राजाराम ने कथित पारिवारिक प्रताड़ना से परेशान होकर जहर खा लिया था। उस दौरान उनकी हालत गंभीर हो गई थी और करीब डेढ़ माह तक दो अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चला था। स्वस्थ होने के बाद वे दोबारा ड्यूटी पर लौट गए थे।
सोशल मीडिया वीडियो में लगाए थे गंभीर आरोप
आत्महत्या के पूर्व प्रयास के दौरान राजाराम ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर पत्नी, ससुराल पक्ष और एक रिश्तेदार पर गंभीर आरोप लगाए थे। वीडियो में उन्होंने दावा किया था कि उनसे लगातार पैसे, सोना और अन्य आर्थिक मांगें की जा रही थीं। साथ ही परिवार से दूरी बनाने का दबाव भी बनाया जा रहा था।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि पत्नी के कहने पर जमीन खरीदी और फैमिली क्वार्टर के लिए आवेदन किया, लेकिन इसके बावजूद वैवाहिक विवाद समाप्त नहीं हुए। वीडियो में उन्होंने ससुराल पक्ष द्वारा धमकी दिए जाने और लगातार मानसिक दबाव में रहने की बात कही थी।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







