सुशासन तिहार बना सियासी रणभूमि: मंच पर भिड़े धरमलाल कौशिक और राजेंद्र शुक्ला, ‘चोर-चोर’ के नारों से गरमाया माहौल
बिलासपुर जिले के बिल्हा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोढ़ी में आयोजित ‘सुशासन तिहार’ कार्यक्रम उस समय सियासी अखाड़े में तब्दील हो गया, जब भाजपा विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला के बीच मंच पर ही तीखी बहस छिड़ गई।

BILASPUR NEWS. बिलासपुर जिले के बिल्हा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोढ़ी में आयोजित ‘सुशासन तिहार’ कार्यक्रम उस समय सियासी अखाड़े में तब्दील हो गया, जब भाजपा विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला के बीच मंच पर ही तीखी बहस छिड़ गई। विवाद इतना बढ़ा कि समर्थकों के बीच नारेबाजी शुरू हो गई और कार्यक्रम का माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
किसानों और मूलभूत सुविधाओं के मुद्दे पर उठा विवाद
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के उद्देश्य से ग्राम गोढ़ी में ‘सुशासन तिहार’ शिविर आयोजित किया गया था, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला ने मंच से किसानों की समस्याओं, खाद-बीज की उपलब्धता, बिजली-पानी की किल्लत, खराब सड़कों तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं के अभाव का मुद्दा उठाया।
राजेंद्र शुक्ला ने प्रशासनिक व्यवस्था और अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि जनता के आवेदनों का समय पर निराकरण नहीं हो रहा है। उन्होंने विभागीय योजनाओं को लेकर जवाबदेही की मांग की। उनके सवालों के बीच ग्रामीणों ने भी खुलकर अपनी समस्याएं सामने रखनी शुरू कर दीं।
मंच पर आमने-सामने आए दोनों नेता
कांग्रेस नेता के आरोपों और सवालों के बाद भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक ने मंच से जवाब देना शुरू किया। उन्होंने राज्य सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का पक्ष रखते हुए कांग्रेस के आरोपों का प्रतिवाद किया। इसी दौरान दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस छिड़ गई और माहौल गर्मा गया।
स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा कथित तौर पर ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए गए, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नारों से नाराज विधायक ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। हालांकि, मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया।
विधायक धरमलाल कौशिक की सफाई
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक धरमलाल कौशिक ने किसी व्यक्तिगत विवाद से इनकार किया। उन्होंने कहा कि जब वे शिविर स्थल पहुंचे, तब कांग्रेस नेता अधिकारियों से ऊंची आवाज में सवाल-जवाब कर रहे थे।
कौशिक ने कहा, “सुशासन तिहार का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न करना उचित नहीं है।”
घटना के बाद क्षेत्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और दोनों दलों के बीच बयानबाजी का दौर शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।








