छत्तीसगढ़

Crime News: मैग्नेटो मॉल में गिफ्ट और हॉलिडे पैकेज के नाम पर करोड़ों की ठगी, ऑफिस बंद कर भागे जालसाज

ठगी का खुलासा तब हुआ जब पैसे देने के बाद भी पीड़ितों को टिकट और पैकेज की जानकारी नहीं मिली। शक होने पर जब अमित 24 अप्रैल को मैग्नेटो मॉल स्थित ऑफिस पहुंचे, तो वहां ताला लटका मिला।

BILASPUR NEWS. शहर के प्रतिष्ठित मैग्नेटो मॉल में ‘क्लब्रियोंट हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड’ नामक कंपनी खोलकर लोगों को ठगने का एक बड़ा मामला सामने आया है। जालसाजों ने गिफ्ट कूपन और आकर्षक हॉलिडे पैकेज का लालच देकर शहर के रसूखदार और नौकरीपेशा लोगों को अपने जाल में फंसाया और लाखों रुपये वसूलने के बाद रातों-रात दफ्तर बंद कर फरार हो गए। पीड़ितों की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने कंपनी के संचालक और 16 कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कूपन निकलने का झांसा देकर बुलाते थे ऑफिस

ठगी का शिकार हुए अमित गुप्ता ने पुलिस को बताया कि 20 फरवरी को उनके पास एक फोन आया, जिसमें कहा गया कि उनका नाम लकी कूपन में निकला है। उपहार लेने के लिए उन्हें मैग्नेटो मॉल की चौथी मंजिल स्थित ऑफिस नंबर 415 में बुलाया गया। वहां पहुंचने पर उन्हें विदेश और देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों के आकर्षक हॉलिडे पैकेज दिखाए गए। झांसे में लेकर उनसे अलग-अलग किस्तों में करीब 75 हजार रुपये वसूल लिए गए। इसी तरह सुशांत कुमार से 76 हजार, रोहित शर्मा से 1.28 लाख और डॉ. शरद कर्णेवार से 1.10 लाख रुपये की वसूली की गई।

ऑफिस पहुंचा तो लगा था ताला

ठगी का खुलासा तब हुआ जब पैसे देने के बाद भी पीड़ितों को टिकट और पैकेज की जानकारी नहीं मिली। शक होने पर जब अमित 24 अप्रैल को मैग्नेटो मॉल स्थित ऑफिस पहुंचे, तो वहां ताला लटका मिला। वहां पहले से ही 15-20 लोग मौजूद थे, जो इसी तरह ठगी का शिकार हुए थे। आरोपियों ने सभी के फोन उठाना भी बंद कर दिया था।

ठगी का आंकड़ा 1 करोड़ तक पहुंचने की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में अब तक 8 लाख 12 हजार रुपये की ठगी का हिसाब सामने आया है, लेकिन पीड़ितों का मानना है कि यह आंकड़ा 50 लाख से लेकर 1 करोड़ रुपये तक हो सकता है। जांच में यह भी पता चला है कि कंपनी ने बिलासपुर के अलावा रायपुर के मैग्नेटो मॉल और भिलाई के सूर्या मॉल में भी अपने ठिकाने बना रखे थे।

इनके खिलाफ मामला दर्ज

सिविल लाइन पुलिस ने कंपनी के मुख्य संचालक नागेश बालासाहेब साखरे और उसके सहयोगी श्रीमंत राम खांडे समेत किरण मुनी, इमरान अंसारी, साहिल ठाकुर, अक्षय मीठे, कपिल, आसिफ, मुस्कान गुप्ता, अनुराग, गुंजन, अजीत ईश्वर जाटव, कुमुद, हितेश, पृथ्वी और अभिषेक के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज, किडनी को हो सकता है गंभीर नुकसान one plus 15 launch in india