RI और पटवारी को 2 घंटे बनाया बंधक, धक्का-मुक्की और आत्मदाह की धमकी, 4 ग्रामीणों पर FIR
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नोनबिरा में जमीन सीमांकन के दौरान भारी हंगामा हो गया। ग्रामीणों ने राजस्व विभाग की टीम पर पक्षपात और रिश्वतखोरी का आरोप लगाते हुए राजस्व निरीक्षक (RI) और पटवारी को करीब 2 घंटे तक बंधक बनाए रखा। इस दौरान ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई और एक युवक ने रस्सी लाकर आत्महत्या करने की कोशिश भी की। पुलिस ने इस मामले में पटवारी की शिकायत पर 4 ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की है।

KORBA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नोनबिरा में जमीन सीमांकन के दौरान भारी हंगामा हो गया। ग्रामीणों ने राजस्व विभाग की टीम पर पक्षपात और रिश्वतखोरी का आरोप लगाते हुए राजस्व निरीक्षक (RI) और पटवारी को करीब 2 घंटे तक बंधक बनाए रखा। इस दौरान ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई और एक युवक ने रस्सी लाकर आत्महत्या करने की कोशिश भी की। पुलिस ने इस मामले में पटवारी की शिकायत पर 4 ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 8 मई की है। पटवारी भरत चौहान और राजस्व निरीक्षक जयपाल सिंह नायब तहसीलदार करतला के आदेश पर नोनबिरा के बनियापारा में संतराम नामक व्यक्ति की जमीन (खसरा नंबर 643/1) का सीमांकन करने पहुंचे थे। सीमांकन के दौरान ही आवेदक संतराम और उनके परिजनों ने नाप-जोख की प्रक्रिया पर आपत्ति जताई।
कार के सामने बाइक अड़ाकर रोका रास्ता
विवाद बढ़ते ही ग्रामीणों ने अधिकारियों की कार के पीछे मोटरसाइकिल खड़ी कर दी और उनका रास्ता रोक दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि अधिकारी विपक्षी पक्ष से रिश्वत लेकर गलत तरीके से सीमांकन कर रहे हैं। इस दौरान संतराम के बेटे लीलाधर ने रस्सी लाकर सुसाइड करने की धमकी दी। अधिकारियों को करीब 2 घंटे तक मौके पर ही रोक कर रखा गया, जिससे सरकारी काम में बाधा आई।
4 लोगों पर मामला दर्ज, कलेक्टर से निष्पक्ष जांच की मांग
पटवारी भरत चौहान की रिपोर्ट पर करतला पुलिस ने संतराम, लीलाधर पटेल, हरिराम और हुकूमचंद पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं (126(2), 221, 296, 3(5) और 351(3)) के तहत मामला दर्ज किया है।
दूसरी ओर, पीड़ित परिवार ने सोमवार को कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि उनकी जमीन पर दूसरे पक्ष के लोग अवैध कब्जा कर निर्माण कर रहे हैं और पटवारी-RI ने मिलीभगत कर गलत सीमांकन किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।








