छत्तीसगढ़
Bilaspur News: C-Section के बाद पेट दर्द को बताया ‘नॉर्मल’, अपोलो पहुंची तो खुला राज; महिला के पेट में मिला सर्जिकल धागा
बिलासपुर शहर से सटे ग्राम बिजौर (बहतराई) के रहने वाले शक्ति लाल सूर्यवंशी ने अपनी पत्नी रेखा सूर्यवंशी को 12 जून को प्रसव हेतु पेंडलवार नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। यहां डॉक्टरों ने सिजेरियन ऑपरेशन (C-Section) के जरिए प्रसव कराया।

BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में चिकित्सा लापरवाही का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां के पेंडलवार नर्सिंग होम में सिजेरियन डिलीवरी के दौरान डॉक्टरों की लापरवाही से महिला के पेट के अंदर ही सर्जिकल धागा छूट गया। डिस्चार्ज होने के बाद महिला को असहनीय पेट दर्द और उल्टी होने लगी, लेकिन अस्पताल प्रबंधन इसे सामान्य दर्द बताकर टालता रहा। बाद में दूसरे अस्पताल में हुई जांच में इस बड़ी लापरवाही का खुलासा हुआ।
ये भी पढ़ें: किराना दुकान पर ‘पैसे अभी दो’ कहने पर भड़के युवक, बांस के डंडे से पीटकर कर दी हत्या
12 जून को हुई थी डिलीवरी
मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर शहर से सटे ग्राम बिजौर (बहतराई) के रहने वाले शक्ति लाल सूर्यवंशी ने अपनी पत्नी रेखा सूर्यवंशी को 12 जून को प्रसव हेतु पेंडलवार नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। यहां डॉक्टरों ने सिजेरियन ऑपरेशन (C-Section) के जरिए प्रसव कराया। डिलीवरी के बाद महिला को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया, लेकिन घर पहुंचते ही महिला की तबीयत बिगड़ने लगी। उसे लगातार पेट में तेज दर्द, उल्टी और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं होने लगीं।
डॉक्टरों ने कहा— ‘सामान्य दर्द है, चिंता की बात नहीं
पीड़ित पति ने बताया कि जब पत्नी की तबीयत ज्यादा खराब हुई, तो वे उसे दोबारा पेंडलवार नर्सिंग होम ले गए। आरोप है कि वहां के डॉक्टरों ने बिना कोई विस्तृत जांच किए इस दर्द को सामान्य पेन बता दिया और दवाइयां देकर घर भेज दिया। डॉक्टरों ने परिजनों को यह कहकर आश्वस्त किया कि कुछ ही दिनों में दर्द अपने आप ठीक हो जाएगा और डरने की कोई बात नहीं है।
अपोलो में जांच के बाद हुआ खुलासा, दोबारा हुआ ऑपरेशन
दर्द में कोई राहत न मिलने और स्थिति गंभीर होने पर परिजन रेखा सूर्यवंशी को बिलासपुर के अपोलो अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जब सोनोग्राफी व अन्य जरूरी जांचें कीं, तो पेट के अंदर सर्जिकल धागा मौजूद होने की बात सामने आई। अपोलो के डॉक्टरों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल महिला का दोबारा ऑपरेशन किया और पेट से सर्जिकल धागा बाहर निकाला। वर्तमान में महिला का अपोलो अस्पताल में इलाज चल रहा है।
ये भी पढ़ें: होटल के कमरे में मिली 23 साल के युवक की लाश, मोबाइल स्क्रीन पर लिखा था- ‘गॉड मुझे बुला रहे हैं’
सीएमएचओ ने थमाया नोटिस, लाइसेंस रद्द करने की मांग
घटना से आक्रोशित पीड़ित परिवार ने बुधवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. शुभा गरेवाल से मिलकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में पीड़ित पति ने पेंडलवार नर्सिंग होम के संबंधित डॉक्टर एवं प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने, नर्सिंग होम का लाइसेंस निलंबित या निरस्त करने तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।




