News

‘जिन्न’ और नौकरी का झांसा देकर 85 लाख की ठगी: विधवा महिला को दो साल तक डराता रहा शातिर, बेटे को भी बनाया शिकार जानिए पूरा मामला

अंधविश्वास, तंत्र-मंत्र और सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला भिलाई से सामने आया है। एक शातिर ठग ने पहले विधवा महिला को प्रेतबाधा और जिन्न का डर दिखाकर अपने जाल में फंसाया, फिर उसके बेटे को ऑनलाइन ट्रेडिंग में करोड़ों रुपये के मुनाफे का लालच देकर करीब 85 लाख रुपये की ठगी कर ली।

BHILAI NEWS.अंधविश्वास, तंत्र-मंत्र और सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला भिलाई से सामने आया है। एक शातिर ठग ने पहले विधवा महिला को प्रेतबाधा और जिन्न का डर दिखाकर अपने जाल में फंसाया, फिर उसके बेटे को ऑनलाइन ट्रेडिंग में करोड़ों रुपये के मुनाफे का लालच देकर करीब 85 लाख रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर जबलपुर निवासी आरोपी पवन बधौलिया के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-5 निवासी संगीता कश्यप की मुलाकात नवंबर 2023 में रायपुर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान पवन बधौलिया से हुई थी। पारिवारिक परेशानियों का फायदा उठाते हुए आरोपी ने महिला को गृहदोष और प्रेतबाधा का भय दिखाया तथा विशेष तांत्रिक अनुष्ठान कराने के नाम पर रकम वसूलना शुरू कर दिया।

 

पति की मौत की आशंका जताकर बनाया भरोसा

 

आरोपी ने महिला को यह कहकर डरा दिया कि एक ‘जिन्न’ नाराज है और उसके पति के साथ कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है। इस भय का फायदा उठाकर उसने 1.50 लाख रुपये नकद ले लिए। कुछ समय बाद महिला के पति की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इस घटना के बाद महिला पूरी तरह आरोपी के प्रभाव में आ गई और उसकी बातों पर विश्वास करने लगी।

 

ऑपरेशन और अंतिम संस्कार के नाम पर ऐंठे लाखों

 

पति की मौत के बाद आरोपी लगातार नए-नए बहाने बनाकर पैसे मांगता रहा। कभी खुद को कोलकाता जेल में बंद बताता, तो कभी अपनी मां के ब्रेन हैमरेज के इलाज और पिता के अंतिम संस्कार का हवाला देकर रकम ऐंठता रहा। महिला डर और भरोसे के बीच फंसकर लगातार उसे पैसे देती रही।

 

बेटे को 5 करोड़ मुनाफे का सपना दिखाया

 

जनवरी 2024 से मई 2025 के बीच आरोपी ने महिला के बेटे विक्रांत कश्यप को भी अपने जाल में फंसा लिया। उसने ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश करने पर 5 करोड़ रुपये तक का मुनाफा होने का दावा किया और विभिन्न खातों में बड़ी रकम ट्रांसफर करवा ली।

 

फर्जी नियुक्ति पत्र देकर किया नया खेल

 

जब परिवार ने अपनी रकम वापस मांगनी शुरू की, तो आरोपी ने सरकारी विभाग में संविदा नौकरी दिलाने का झांसा दिया। उसने फर्जी नियुक्ति पत्र दिखाकर जॉइनिंग प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर लाखों रुपये वसूले। इतना ही नहीं, महिला को भोपाल बुलाकर 4 लाख रुपये नकद भी ले लिए।

 

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले लगभग दो वर्षों से महिला और उसके परिवार को अलग-अलग बहानों से डराकर तथा झूठे प्रलोभन देकर ठगता रहा। इस दौरान कुल 85 लाख रुपये की ठगी की गई। भिलाई नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज, किडनी को हो सकता है गंभीर नुकसान one plus 15 launch in india