Crime News: एकलव्य स्कूल में छात्र की मौत से मचा बवाल, सामने आए आरोप तो तुरंत हुआ बड़ा एक्शन
परिजनों का आरोप है कि ओमेश को स्कूल के प्राचार्य द्वारा लगातार डांट-फटकार और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था। उनका कहना है कि इसी दबाव के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया।

SAKTI NEWS. बाराद्वार थाना क्षेत्र के पलाड़ी कला स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में 9वीं कक्षा के छात्र की आत्महत्या ने आवासीय स्कूलों की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 15 वर्षीय छात्र ओमेश कुमार कंवर का शव गुरुवार सुबह हॉस्टल के टॉयलेट में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति (NESTS) ने स्कूल के प्राचार्य मनोज गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि ओमेश को स्कूल के प्राचार्य द्वारा लगातार डांट-फटकार और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था। उनका कहना है कि इसी दबाव के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया। घटना के बाद परिजनों ने प्राचार्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मामले को और गंभीर इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि परिजनों के अनुसार कुछ समय पहले छात्रों ने हॉस्टल की अव्यवस्थाओं और समस्याओं को लेकर कलेक्टर से शिकायत भी की थी। इसके बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हुआ। अब छात्र की मौत के बाद वही शिकायतें फिर चर्चा में हैं।
घटना के बाद NESTS ने प्राचार्य को निलंबित कर दिया, जबकि आरोपों पर उन्होंने कोई प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया।सक्ती SDOP नेश्वरी पैंकरा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस आत्महत्या के कारणों, स्कूल प्रबंधन की भूमिका और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








