News

बिलासपुर में खूनी संघर्ष: पुरानी रंजिश में दो युवकों पर चढ़ाई पिकअप, फिर पाइप और लाठियों से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा; वीडियो वायरल पूरा मामला !

छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में बेखौफ बदमाशों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सरकंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अपोलो चौक के पास पुरानी रंजिश को लेकर बदमाशों ने दो युवकों की जान लेने की नीयत से उन पर तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी चढ़ा दी।

BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में बेखौफ बदमाशों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सरकंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अपोलो चौक के पास पुरानी रंजिश को लेकर बदमाशों ने दो युवकों की जान लेने की नीयत से उन पर तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी चढ़ा दी। इस जानलेवा हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दिल दहला देने वाली यह घटना यहीं नहीं रुकी; गाड़ी से कुचलने के प्रयास के बाद बदमाशों ने पीड़ितों को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर लोहे के पाइप और डंडों से बेरहमी से पीटा। पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें करीब 8 से 10 हमलावर लाठी-डंडों से लैस होकर तांडव मचाते दिख रहे हैं। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस मामले में एक नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लिंगियाडीह निवासी निखिल ध्रुव, जो पेशे से दूध वितरण का कार्य करता है, ने मामले की लिखित शिकायत थाने में दर्ज कराई है। निखिल ने पुलिस को बताया कि 26 जून की रात करीब 11 बजे वह अपने घर की छत पर मौजूद था। उसी समय उसके दो दोस्त, आदित्य महंत उर्फ रिंकू और रवि ओर गंधर्व, अपोलो चौक के समीप दिलीप पाटिल के मकान के सामने खड़े होकर आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान चिंगराजपारा की दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे।

पाइप और डंडों से बेरहमी से पिटाई

प्रत्यक्षदर्शियों और दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, पिकअप के रुकते ही उसमें से आदतन अपराधी बांड्या, बऊआ और उनके अन्य साथी नीचे उतरे। उन्होंने पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए तुरंत गाली-गलौज शुरू कर दी और अपने पास रखे फाइबर पाइप व बल्लियों से दोनों घायलों पर टूट पड़े। इसी बीच, अमन नायडू नामक एक अन्य आरोपी भी अपनी कार से मौके पर पहुंच गया। उसने अपने साथियों के साथ एकराय होकर आदित्य उर्फ रिंकू और रवि गंधर्व को जान से मारने की धमकी दी और उन पर ताबड़तोड़ प्रहार किए। लहूलुहान हालत में दोनों युवक अपनी जान बचाने के लिए भागते रहे, लेकिन आरोपी उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटते रहे।

दोस्तों ने पहुंचाया अस्पताल

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और पीड़ितों के दोस्त मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। दोस्तों ने तत्काल एम्बुलेंस और निजी वाहनों की मदद से दोनों लहूलुहान युवकों को छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और उपचार जारी है। इसके बाद निखिल ध्रुव और राकेश ने सरकंडा थाने पहुंचकर नामजद आरोपियों (बांड्या, बऊआ, अमन नायडू व अन्य) के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।

बॉक्स न्यूज: मामले में आर्म्स एक्ट और बलवा के तहत कार्रवाई

नाबालिग सहित 5 आरोपी गिरफ्तार: पंकज पटेल (ASP, सिटी बिलासपुर)

घटना की गंभीरता को देखते हुए सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। मामले में मारपीट, बलवा और आर्म्स एक्ट की विभिन्न संगीन धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। वारदात में संलिप्त कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनमें से बालिग आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि एक कानून का उल्लंघन करने वाले नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। शेष फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज, किडनी को हो सकता है गंभीर नुकसान one plus 15 launch in india