छत्तीसगढ़

जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क से ‘ऑपरेशन गोल्ड’ तक: छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के दो साल बेमिसाल, तीसरे साल नई उपलब्धियों का संकल्प

छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने अपने सफल दो वर्ष पूरे कर लिए हैं। संगठन ने जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क, ऑपरेशन गोल्ड, संगठन विस्तार और व्यापारियों की सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। 28 जून को बिलासपुर में प्रदेश स्तरीय सराफा महासम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें हजारों व्यापारी शामिल होंगे।

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी के नेतृत्व में अपने दो वर्ष का सफल कार्यकाल पूरा कर लिया है। इस दौरान संगठन ने सराफा व्यापारियों के हितों की रक्षा, संगठन विस्तार, सुरक्षा, जागरूकता और व्यापारिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। अब संगठन तीसरे वर्ष में नई ऊंचाइयों को छूने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है।

शुक्रवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित राज्य स्तरीय प्रेस वार्ता में संगठन की दो वर्षों की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाली विशेष छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में सराफा जन-संवाद अभियान, संगठन विस्तार, जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क, ऑपरेशन गोल्ड, बीआईएस जागरूकता अभियान सहित विभिन्न गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया।

28 जून को होगा प्रदेश स्तरीय सराफा महासम्मेलन

प्रदेश स्तरीय सराफा महासम्मेलन एवं तृतीय आमसभा का आयोजन 28 जून को बिलासपुर के मंगला स्थित रामदेव लॉन में किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेशभर से लगभग 5 हजार सराफा व्यापारी, प्रतिनिधि और पदाधिकारी शामिल होंगे। इससे पहले संगठन की आमसभाएं जगदलपुर और जांजगीर में सफलतापूर्वक आयोजित हो चुकी हैं।

60 से बढ़कर 125 से अधिक हुईं संगठन की इकाइयां

प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बताया कि जनवरी 2024 में संगठन की लगभग 60 सक्रिय इकाइयां थीं, जो जून 2024 तक बढ़कर 91 हो गईं। वर्तमान में प्रदेशभर में 125 से अधिक इकाइयां संगठन से जुड़ चुकी हैं। संगठन का लक्ष्य प्रदेश में 251 इकाइयों का गठन कर प्रत्येक सराफा व्यापारी को एक मजबूत मंच से जोड़ना है।

सुरक्षा और जागरूकता अभियान को मिली सफलता

पिछले दो वर्षों में संगठन ने ग्राहक जागरूकता, बीआईएस हॉलमार्क प्रचार, प्रशिक्षण कार्यशालाओं और जन-संवाद अभियानों के माध्यम से व्यापारियों और ग्राहकों के बीच विश्वास बढ़ाने का कार्य किया। संगठन ने ग्राहकों से केवल बीआईएस हॉलमार्क युक्त आभूषण खरीदने की अपील भी की।

‘ऑपरेशन गोल्ड’ बना पुलिस-व्यापारी समन्वय की मिसाल

बिलासपुर पुलिस द्वारा संचालित ‘ऑपरेशन गोल्ड’ को पुलिस और सराफा व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बताया गया। सरकंडा क्षेत्र में हुई डकैती की घटना के मात्र 24 घंटे के भीतर पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी को संगठन ने बड़ी उपलब्धि बताया। इस सफलता के लिए आईजी रामगोपाल गर्ग, एसएसपी रजनेश सिंह, एएसपी पंकज पटेल, सीएसपी निमितेश सिंह सहित पूरी पुलिस टीम का सम्मान कर आभार व्यक्त किया गया।

जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क को मिली नई गति

संगठन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में रायपुर में प्रस्तावित जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क को शासन स्तर पर स्वीकृति दिलाने की दिशा में हुई महत्वपूर्ण प्रगति शामिल है। संगठन का मानना है कि इस परियोजना से छत्तीसगढ़ के सराफा उद्योग को नई पहचान मिलेगी तथा आधुनिक व्यापारिक सुविधाओं का विकास होगा।

धारा 317 के सरलीकरण पर होगी चर्चा

महासम्मेलन का प्रमुख विषय भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317 का सरलीकरण रहेगा। संगठन का कहना है कि वर्तमान प्रावधानों के कारण सराफा व्यापारियों को कई व्यावहारिक और कानूनी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस विषय पर विस्तृत चर्चा कर शासन से सरल और व्यावहारिक नियम बनाने की मांग की जाएगी।

तीसरे वर्ष के लिए बड़े लक्ष्य

प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यापारियों की सुरक्षा, व्यापारिक हितों की रक्षा, स्वर्णकला बोर्ड की स्थापना और जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारना है। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन का तीसरा वर्ष नई उपलब्धियों और नई मिसालों का वर्ष साबित होगा।

महासम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी तथा विभिन्न सराफा एसोसिएशन सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। बिलासपुर सराफा एसोसिएशन सहित प्रदेश की कई इकाइयां इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज, किडनी को हो सकता है गंभीर नुकसान one plus 15 launch in india