मोटा’ कहकर चिढ़ाने की कीमत मौत: 10वीं के दो छात्रों के विवाद ने ली खौफनाक शक्ल जानिए पूरा मामला
रायपुर जिले के तिल्दा थाना क्षेत्र के सासाहोली गांव में महज एक-दूसरे को "मोटा" कहकर चिढ़ाने से शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। 10वीं कक्षा के दो सहपाठियों के बीच लंबे समय से चल रही नाराजगी शुक्रवार को इस कदर बढ़ गई कि एक छात्र की जान चली गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती है।

RAIPUR NEWS. रायपुर जिले के तिल्दा थाना क्षेत्र के सासाहोली गांव में महज एक-दूसरे को “मोटा” कहकर चिढ़ाने से शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। 10वीं कक्षा के दो सहपाठियों के बीच लंबे समय से चल रही नाराजगी शुक्रवार को इस कदर बढ़ गई कि एक छात्र की जान चली गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती है।
जानकारी के अनुसार, सासाहोली निवासी अमन यदु (16 वर्ष) और उसका 15 वर्षीय सहपाठी एक ही स्कूल में पढ़ते थे। दोनों पहले अच्छे दोस्त थे, लेकिन कुछ माह पहले बोर्ड परीक्षा के दौरान आरोपी छात्र द्वारा अमन को “मोटा” कहकर चिढ़ाने के बाद दोनों के संबंधों में खटास आ गई थी। यह मामूली विवाद धीरे-धीरे गहरी दुश्मनी में बदल गया।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी के बाद अमन ने रास्ते में आरोपी छात्र को रोककर पुराने विवाद को लेकर बहस शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर अमन ने अपने पास रखे सब्जी काटने वाले चाकू से सहपाठी के गले पर वार कर दिया।
हमले में घायल छात्र ने किसी तरह अमन के हाथ से चाकू छीन लिया और गुस्से में उसी हथियार से पलटवार कर दिया। उसने अमन के सीने और गर्दन पर कई वार किए। गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण अमन मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।
डीएसपी ने क्या कहा
रायपुर ग्रामीण के डीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि बच्चों के बीच आपसी कहासुनी और पुराने विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पहले एक छात्र ने चाकू से हमला किया, जिसके बाद दूसरे छात्र ने हथियार छीनकर जवाबी हमला किया। मामले की जांच जारी है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
गांव में मातम का माहौल
घटना की सूचना मिलते ही तिल्दा-नेवरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायल छात्र का अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे सासाहोली गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना के पीछे की परिस्थितियों को खंगाल रही है।








