Political News bilaspur:कांग्रेस का अपोलो प्रबंधन के खिलाफ हल्ला बोल, न्याय यात्रा कर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग
प्रदेश के बड़े अस्पतालों में से एक अपोलो को माना जाता है। यहां उपचार के लिए न सिर्फ बिलासपुर संभाग से बल्कि अन्य संभाग से भी लोग पहुंचते हैं। लेकिन यहां पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राजेन्द्र शुक्ला की मौत फर्जी डॉक्टर के ऑपरेशन के बाद होना माना गया।

POLITICAL NEWS BILASPUR. प्रदेश के बड़े अस्पतालों में से एक अपोलो को माना जाता है। यहां उपचार के लिए न सिर्फ बिलासपुर संभाग से बल्कि अन्य संभाग से भी लोग पहुंचते हैं। लेकिन यहां पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राजेन्द्र शुक्ला की मौत फर्जी डॉक्टर के ऑपरेशन के बाद होना माना गया। वहीं उस डॉक्टर के खिलाफ अन्य भी कई मामले सामने आए। अब परिजनों ने तो पुलिस में शिकायत दर्ज कर एफआईआर करायी है। इसको लेकर प्रदेश में कांग्रेस ने भी कड़ा रूख करते हुए अपोलो प्रबंधन के खिलाफ हल्ला बोल दिया है। इसको लेकर न्याय यात्रा निकाली गई है।
बता दें, शुक्रवार को प्रदेशभर से कांग्रेस के बड़े नेताओं ने बिलासपुर पहुंचकर अपोलो प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वहीं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष के मौत के जिम्मेदार फर्जी डॉक्टर के खिलाफ व अपोलो प्रबंधन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की जा रही है। इसी को लेकर नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंह देव, प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज, भिलाई विधायक देवेन्द्र यादव सहित कई बड़े नेताओं ने न्याय यात्रा में शामिल होकर जमकर नारे बाजी करते हुए यात्रा निकाली। न्याय यात्रा के माध्यम से फर्जी डॉक्टर के चक्कर में मारे गए मरीजों को न्याय दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं कांग्रेस जनों का कहना है कि फर्जी डॉक्टर को नियुक्त करने वाले अपोलो प्रबंधन के खिलाफ भी हत्या का मामला दर्ज करना चाहिए।
स्वास्थ्य व्यवस्था है लचर
भिलाई विधायक देवेन्द्र यादव का कहना है कि प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था लचर है। सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि व्यवस्था को सही किया जाए वरना कांग्रेस इसी तरह से मैदान में उतर कर आम नागरिकों के लिए लड़ाई लड़ेगी और सरकार को जगाने का प्रयास करेगी।
जातिय जनगणना पर की बात
न्याय यात्रा के पूर्व पत्रकारों से चर्चा करते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ.चरणदास महंत ने कहा कि जातिय जनगणना के लिए भाजपा सरकार कहती है कि कांग्रेस जातिय जनगणना नहीं चाहती थी जबकि यह बात पूरी तरह से गलत है। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व महासचिव राहुल गांधी काफी समय से जातिय जनगणना के लिए लोगों के बीच पहुंचे है और सरकार को भी लगातार इसके लिए कहा। पहलगाम आतंकी अटैक पर भी उन्होंने कहा कि सरकार अभी सिर्फ बात ही कर रही है। आतंकियों को मुंह तोड़ जवाब देना चाहिए।