Crime News: होटल के कमरे में युवती की संदिग्ध मौत, खून से लथपथ मिला युवक, खिड़की तोड़ी तो सामने आया खौफनाक मंजर
शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 से 3:45 बजे के बीच होटल के कमरे से जोर-जोर से आवाजें आने लगीं। होटल कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।

RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र स्थित झूलेलाल चौक के पास बंसल पैराडाइज होटल में शुक्रवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना से हड़कंप मच गया। होटल के कमरा नंबर 401 में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जबकि उसके साथ ठहरा युवक गंभीर रूप से घायल हालत में मिला। होटल स्टाफ के मुताबिक, कमरे से युवती के चिल्लाने की आवाजें सुनाई देने के बाद जब खिड़की तोड़कर अंदर देखा गया तो युवक खुद पर चाकू से वार करता नजर आया।
चिल्लाने की आवाज से मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 से 3:45 बजे के बीच होटल के कमरे से जोर-जोर से आवाजें आने लगीं। होटल कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। स्थिति संदिग्ध लगने पर कर्मचारियों ने कमरे की खिड़की तोड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अंदर युवक खून से लथपथ था और सब्जी काटने वाले चाकू से अपनी गर्दन पर वार कर रहा था।
युवती की मौके पर मौत, युवक अस्पताल में भर्ती
सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाकर अंदर जांच की तो युवती मृत अवस्था में पड़ी थी, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल था। घायल युवक को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पहचान पत्र देकर उसी दिन किया था चेक-इन
पुलिस के मुताबिक मृत युवती की पहचान रमन मंडावी, निवासी मोहला-मानपुर, छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान किशन कुमार भारद्वाज, निवासी मोहावन, वाराणसी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। दोनों ने शुक्रवार को ही अपने पहचान पत्र जमा कर होटल में चेक-इन किया था।
हत्या, आत्महत्या या कोई और राज?
एसीपी कोतवाली रेंज दीपक मिश्रा के अनुसार प्रथम दृष्टया घटना हत्या, आत्महत्या या संदिग्ध मौत से जुड़ी हो सकती है। पुलिस ने होटल के कमरे को सील कर दिया है। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डेटा और मौके से मिले फोरेंसिक साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि युवती की मौत कैसे हुई और कमरे में वास्तव में क्या हुआ, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा घायल युवक का बयान सामने आने के बाद ही हो सकेगा। दोनों के परिजनों से संपर्क किया जा चुका है। मामले की जांच जारी है।












