Bilaspur News: विदेशों में भारतीयों के साथ दुर्व्यवहार और नाविकों की हत्या के विरोध में युवा कांग्रेस का कैंडल मार्च
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति द्वारा भारतीय राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने का दावा किया जा रहा है। इन तमाम घटनाओं को लेकर क्षेत्र के युवाओं और नागरिकों में गहरा आक्रोश है।

BILASPUR NEWS. अमेरिका समेत अन्य विदेशों में भारतीय मूल के लोगों के साथ लगातार हो रही चिंताजनक घटनाओं और ओमान में तीन भारतीय नाविकों की निर्मम हत्या के विरोध में आज बिलासपुर के सरकंडा स्थित सुभाष चौक पर युवा कांग्रेस द्वारा एक विशाल एवं शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने हाथों में मोमबत्ती लेकर और काली पट्टी बांधकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति द्वारा भारतीय राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने का दावा किया जा रहा है। इन तमाम घटनाओं को लेकर क्षेत्र के युवाओं और नागरिकों में गहरा आक्रोश है। आयोजित इस प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा, उनके सम्मान की रक्षा और तिरंगे के सम्मान के प्रति एकजुटता प्रदर्शित करना था।
सुरक्षा और सम्मान पर ध्यान देने की आवश्यकता
प्रदर्शन के आयोजकों ने कहा कि विदेशों में रहने वाले भारतीयों के साथ होने वाली हिंसा, भेदभाव और अन्य अप्रिय घटनाओं पर केंद्र सरकार और वैश्विक स्तर पर गंभीरता से ध्यान दिए जाने की सख्त आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पूरा प्रदर्शन पूर्णतः शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य किसी भी प्रकार की हिंसा या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करना नहीं, बल्कि केवल भारतीयों की सुरक्षा और राष्ट्रीय सम्मान के प्रति अपनी गहरी चिंता और एकजुटता को व्यक्त करना है।
ये रहे उपस्थित
इस शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन का आयोजन मुख्य रूप से युवा कांग्रेस सरकंडा के ब्लॉक अध्यक्ष हिमांशु राई और युवा कांग्रेस शहर जिला के उपाध्यक्ष मयंक सिंह गौतम के नेतृत्व में किया गया। इसके साथ ही एनएसयूआई (nsui) के प्रदेश महासचिव विकास ठाकुर, रतन (तिवारी), वासू, शैलेश कश्यप, सोमी ध्रुव, जाफर, हेमंत, सौनी, सिद्धार्थ (तिवारी), कुणाल, रोहित आहूजा और सागर यादव सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।








