Murder News: शक ने उजाड़ दिया पूरा परिवार, पत्नी की हत्या के बाद सलाखों के पीछे पति, बिखर गया 40 साल का साथ
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के संगम नगर दीनदयाल कॉलोनी में हुई इस दर्दनाक घटना में 60 वर्षीय सुमित्रा सोनवानी की जान चली गई, जबकि आरोपी पति पंचूराम सोनवानी अब पुलिस की गिरफ्त में है।

BILASPUR NEWS. चरित्र पर शक की आग ने एक और परिवार को बर्बाद कर दिया। न्यायधानी के मंगला क्षेत्र में मंगलवार को 40 वर्षों से अधिक समय साथ निभाने वाले दंपती का रिश्ता खूनी अंत तक पहुंच गया। पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और देखते ही देखते पूरा परिवार टूटकर बिखर गया।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के संगम नगर दीनदयाल कॉलोनी में हुई इस दर्दनाक घटना में 60 वर्षीय सुमित्रा सोनवानी की जान चली गई, जबकि आरोपी पति पंचूराम सोनवानी अब पुलिस की गिरफ्त में है। सबसे दुखद पहलू यह रहा कि जिस परिवार को दोनों ने वर्षों की मेहनत से खड़ा किया, उसी परिवार के बेटे को अपनी मां का शव और पिता को आरोपी के रूप में देखना पड़ा।
घर में चल रहा था काम, अचानक बदल गया माहौल
मंगलवार दोपहर तक घर में सामान्य माहौल था। परिवार के सदस्य निर्माण कार्य में जुटे हुए थे। सुमित्रा अपने बेटे और बहू के साथ काम कर रही थीं। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर में घर खुशियों की जगह मातम में बदल जाएगा।
बताया जाता है कि नहाने के लिए बाथरूम की ओर गई सुमित्रा पर उनके पति ने अचानक हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बेटे ने रोका, नहीं तो भाग जाता आरोपी
घटना के बाद आरोपी पति मौके से निकलने की कोशिश कर रहा था, लेकिन बेटे ने साहस दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और पुलिस के आने तक रोके रखा। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
शक बना परिवार की तबाही की वजह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति अपनी पत्नी के चरित्र को लेकर संदेह करता था। इसी शक ने धीरे-धीरे रिश्तों में खाई पैदा की और आखिरकार एक परिवार को तबाही के मुहाने पर पहुंचा दिया।
इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पड़ोसी और परिचित भी इस वारदात से स्तब्ध हैं। लोगों का कहना है कि घरेलू विवाद और आपसी अविश्वास किस तरह एक परिवार को बर्बाद कर सकता है, यह घटना उसकी भयावह मिसाल बन गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।








